अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 25 सितंबर। आयुष्मान आरोग्य मंदिर राजकीय आयुर्वेद औषधालय, हदां की ओर से आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय, हदां में आरोग्य शिविर एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता चिकित्सा अधिकारी डॉ. दुर्गा प्रसाद मौर्य ने की।
शिविर के दौरान विद्यालय के 30 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। डॉ. दुर्गा प्रसाद मौर्य ने विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दैनिक जीवन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
योगाभ्यास से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक गिरधारी लाल जांघु ने विद्यार्थियों को योग के महत्व की जानकारी देते हुए विभिन्न सरल योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन एवं अनुलोम-विलोम का अभ्यास किया।
योग प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने के साथ एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक तनाव कम करने में भी सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का नियमित हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
औषधीय पौधों के संरक्षण की दी जानकारी
कार्यशाला में विद्यार्थियों को विभिन्न औषधीय पौधों की पहचान, उनके औषधीय गुणों एवं स्वास्थ्य संबंधी उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को घर तथा आसपास औषधीय पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
नशामुक्ति का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर डॉ. दुर्गा प्रसाद मौर्य, जूनियर नर्स किरण रैगर, योग प्रशिक्षक गिरधारी लाल जांघु एवं अध्यापक लीलाधर सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।












