Home » लोकल न्यूज़ » ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह: राउमावि आईजीएनपी कॉलोनी की छात्राओं ने वीडियो संदेश से की ई-कचरा प्रबंधन की अपील

ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह: राउमावि आईजीएनपी कॉलोनी की छात्राओं ने वीडियो संदेश से की ई-कचरा प्रबंधन की अपील

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 6 नवंबर 2026। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर में ‘ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह’ के छठे दिन ई-कचरा प्रबंधन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जिम्मेदार उपयोग को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। दीपावली अवकाश के दौरान भी विद्यार्थियों ने घर से ही पोस्टरों, शपथ और वीडियो संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

ई-कचरा प्रबंधन का संदेश

विद्यालय की छात्राओं सीता चौधरी और अंजू बिश्नोई ने वीडियो संदेश जारी कर आमजन से ई-कचरे के उचित प्रबंधन की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली की साफ-सफाई के दौरान पुराने मोबाइल, चार्जर, बैटरी और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में न फेंकें। इन्हें अलग एकत्र कर अधिकृत ई-कचरा संग्रहण केंद्र या पुनर्चक्रण संस्था को सौंपें। साथ ही, जहां संभव हो उपकरणों की मरम्मत कर उनके पुनरुपयोग को प्राथमिकता दी जाए।

ई-कचरा प्रबंधन की अपील
ई-कचरा प्रबंधन की अपील

बता दें कि हाल ही में छात्रा सीता चौधरी को बालिका दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर वीर रस की कविताओं के लिए सम्मानित किया जा चुका है। उनका यह पर्यावरण संदेश अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत बना है।

विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता

  • प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध के मार्गदर्शन और उपप्राचार्य गणेश चौधरी के सहयोग से विद्यार्थियों ने अपने परिवारों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।
  • वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास के अनुशासन और मार्गदर्शन में छात्रों ने संसाधनों की बचत और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
  • सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष विधानी ने प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण समन्वय निभाया।
  • इस आयोजन में मंजुल मुकुल वर्मा, शमीम बानो, मनीता, रजनी गुर्जर और शिशांक मिश्रा का भी सक्रिय सहयोग रहा।

7 नवंबर को होगा समापन

विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए आमजन से स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का आह्वान किया है। उल्लेखनीय है कि इस विशेष ‘ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह’ का समापन 7 नवंबर को होगा, जिसमें पूरे सप्ताह अपनाई गई अच्छी आदतों को वर्षभर जारी रखने का संदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *