अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 5 नवंबर। राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के चौथे दिन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर की छात्राओं ने अनूठी मिसाल पेश की है। दीपावली के अवकाश के दौरान जहाँ बच्चे त्योहार की छुट्टियों का आनंद ले रहे हैं, वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी कॉलोनी की छात्राएँ पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर पहुँचाने में जुटी हुई हैं।
छात्राओं ने वीडियो संदेशों और रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से समाज को एकल उपयोग प्लास्टिक (Single-Use Plastic) से तौबा करने और पर्यावरण बचाने का कड़ा संदेश दिया है।

वीडियो और पोस्टरों से जगाई अलख
चौथे दिन के अभियान के तहत विद्यालय की मेधावी छात्राओं—बनारसी, सीता एवं अंजू बिश्नोई ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अपील की कि वे खरीदारी के समय पॉलीथिन की बजाय कपड़े या जूट के थैलों को अपनाएँ।
छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए पृथ्वी के सुंदर चित्रों और पर्यावरण संरक्षण के आकर्षक नारों से सजे पोस्टर भी तैयार किए हैं। इन पोस्टरों के जरिए यह संदेश दिया गया है कि बार-बार उपयोग में आने वाली वस्तुओं को प्राथमिकता दें और अनावश्यक पॉलीथिन के प्रयोग से बचें।

परिवार और समाज को दिलाई संकल्प शपथ
प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध, उपप्राचार्य वंदना राठौड़ एवं गणेश चौधरी के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत छात्राओं ने अपने परिवारों के साथ मिलकर प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग कम करने का संकल्प लिया। अवकाश के इन दिनों में परिवारों को इस शपथ से जोड़ने में ताराचंद पायल का विशेष योगदान रहा।
इस रचनात्मक मुहिम में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया, जबकि सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष विधानी ने जागरूकता संदेशों के संकलन और प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम प्रभारी मनीता एवं रजनी गुर्जर सहित समस्त शाला परिवार इस अभियान को सफल बनाने में जुटा है।
छात्राओं का संदेश: “दीपावली की खुशियाँ मनाएँ, कपड़े का थैला अपनाएँ और पर्यावरण बचाएँ।”












