बीकानेर, 06 अक्टूबर 2026। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ तथा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी और इण्डिया (INDIA) गठबंधन के घटक दलों ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। बीकानेर में आयोजित इस वार्ता में वक्ताओं ने भारत निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत पद से हटाने, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच करने तथा उन्हें गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की।

लोकतंत्र और संविधान के साथ कोई समझौता नहीं: बिशनाराम सियाग
देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ा सवाल चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता का है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त सत्तारूढ़ भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मतदाता पंजीकरण नियमों में मनमाने बदलाव, एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के जरिए बीकानेर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वोट काटने की साजिश तथा कई राज्यों में फर्जी वोटिंग कराने के गंभीर आरोप लगाए। सियाग ने स्पष्ट किया कि जब तक जनता के वोट की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक कांग्रेस का यह संघर्ष जारी रहेगा।
संवैधानिक संस्थाओं का हो रहा दुरुपयोग: मदनगोपाल मेघवाल
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि वोट आम नागरिक की सबसे बड़ी ताकत है। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निर्वाचन आयोग, ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बीकानेर जिले में ब्लॉक और गांव स्तर तक कार्यकर्ताओं को गोलबंद कर इस अभियान को एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
माकपा व भाकपा ने भी आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
माकपा सचिव बजरंग छिंपा ने कहा कि बिना उचित प्रक्रिया के पात्र मतदाताओं के नाम हटाना और संदिग्ध नाम जोड़ना संवैधानिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाकर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) के जिला सचिव अविनाश व्यास ने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर जनता का भरोसा बना रहना जरूरी है। सरकार व आयोग को विपक्ष की आपत्तियों को दबाने के बजाय पूरी पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए।
कई वरिष्ठ नेता रहे उपस्थित
जिला महासचिव (संगठन) प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि प्रेस वार्ता के दौरान प्रकोष्ठ अध्यक्ष आम्बाराम ईणखिया, करणीसिंह राजपुरोहित तथा माकपा नेता रमेश मितड़ सहित इण्डिया गठबंधन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









