अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 4 अक्टूबर। बेसिक पी.जी. महाविद्यालय, बीकानेर की ओर से विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “Career Connect-2026: Employability & Career Oriented Campus Placement” रोजगार मेले का आयोजन 5 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9:30 बजे महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा। रोजगार मेले में देशभर की 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया संचालित करेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकताओं से परिचित कराने के साथ उन्हें रोजगार के लिए जरूरी कौशल, व्यवहारिक दक्षताओं एवं पेशेवर तैयारी से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर रोजगार के अवसर तलाशने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रोशनी शर्मा ने बताया कि रोजगार मेले में करियर मार्गदर्शन, कौशल परीक्षण, ग्रुप डिस्कशन, व्यक्तिगत साक्षात्कार, रेज्यूमे संबंधी मार्गदर्शन तथा ऑन-कैंपस चयन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कंपनियां विद्यार्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं क्षमता के आधार पर चयन करेंगी।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में संचार क्षमता, समस्या समाधान, रोजगारपरक कौशल और व्यावसायिक दृष्टिकोण का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार मेले में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन, आयोजन समिति, संकाय सदस्यों एवं छात्र प्रतिनिधियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कंपनियों के प्रतिनिधियों के समन्वय और चयन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समितियों एवं टीमों का गठन किया गया है।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अद्यतन बायोडाटा एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है, ताकि वे रोजगार के इस अवसर का अधिकतम लाभ उठा सकें।












