Home » राजनीति » बांकीपुर उपचुनाव : 201 MLA, 30 MP, सीएम सम्राट और नितिन नवीन का जोर… फिर भी क्यों हार गई BJP.. ?

बांकीपुर उपचुनाव : 201 MLA, 30 MP, सीएम सम्राट और नितिन नवीन का जोर… फिर भी क्यों हार गई BJP.. ?

Bankipur by-election:
अबतक इंडिया न्यूज 3 अगस्त बांकीपुर । बिहार की सबसे प्रतिष्ठित मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. करीब 30 सालों तक तक बीजेपी का अभेद्य गढ़ रही इस सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज कर सियासी समीकरण बदल दिए. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस एनडीए के पास बिहार में 201 विधायकों का समर्थन, लोकसभा में 30 सांसदों की ताकत, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का प्रभाव था, उसी सीट पर बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा आखिर हार कैसे गए?

अंतिम परिणाम में जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा 44,827 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। प्रशांत किशोर ने 19,324 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. वहीं आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता 14,273 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं और अपनी जमानत भी नहीं बचा सकीं.
एक नहीं नीरज सिन्हा के हार के कई कारण
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, बीजेपी की हार के पीछे कई कारण रहे. पहला, पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की स्थानीय पहचान अपेक्षाकृत सीमित रही. टिकट बदलने को लेकर भी कार्यकर्ताओं में शुरुआती असमंजस देखने को मिला. दूसरा, प्रशांत किशोर ने बेरोजगारी, पेपर लीक और बिहार से पलायन जैसे मुद्दों को लगातार चुनाव के केंद्र में रखा, जिसका असर खासकर युवा और शिक्षित मतदाताओं पर दिखाई दिया. इसके अलावा, बीजेपी के पारंपरिक सवर्ण वोट बैंक में भी इस बार सेंध लगी. प्रशांत किशोर को ब्राह्मण और शिक्षित वर्ग के एक हिस्से का समर्थन मिलने की चर्चा पूरे चुनाव के दौरान होती रही. वहीं आरजेडी के कमजोर चुनाव प्रचार का फायदा भी जन सुराज को मिला, जिससे बीजेपी विरोधी वोटों का बड़ा हिस्सा प्रशांत किशोर के पक्ष में जाता दिखा.
Bankipur by-election:
Bankipur by-election:

BJP के नीरज कुमार सिन्हा की हार के 5 बड़े कारण

1. प्रशांत किशोर का मजबूत चेहरा और चुनावी रणनीति
देश के चर्चित चुनावी रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर ने बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क, डेटा आधारित रणनीति और लगातार जनसंपर्क के दम पर चुनाव को अपने पक्ष में मोड़ दिया. जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने भी जमीनी स्तर पर सक्रियता दिखाई.
2. सवर्ण वोट बैंक में सेंध
बांकीपुर बीजेपी का पारंपरिक सवर्ण बहुल इलाका माना जाता है. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, ब्राह्मण समाज से आने वाले प्रशांत किशोर को सवर्ण मतदाताओं, खासकर ब्राह्मण वोटों का एक हिस्सा मिला. वहीं राजपूत और भूमिहार वोटरों ने भी प्रशांत किशोर की ओर झुकाव दिखाया. इसके अलावा मुस्लिम वोटरों भी इस बार आरजेडी के तरफ पूरी तरह से नहीं गए, जिसका नुकसान नीरज सिन्हा को हुआ.
3. युवा मतदाताओं का झुकाव
बेरोजगारी, पेपर लीक, पलायन और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रशांत किशोर ने लगातार उठाया. इन मुद्दों का असर युवा और शिक्षित मतदाताओं पर दिखा, जिससे जन सुराज को फायदा मिला.
4. उम्मीदवार चयन और स्थानीय पहचान
बीजेपी ने पहले उम्मीदवार बदला और बाद में नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दिया. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी स्थानीय पहचान और जनाधार अपेक्षाकृत सीमित रहा, जिसका असर चुनावी प्रदर्शन पर पड़ा.
5. एंटी-इनकंबेंसी और बदलाव की चाह
करीब तीन दशक से बांकीपुर सीट बीजेपी के पास रही. लंबे समय तक एक ही दल के प्रतिनिधित्व के बाद मतदाताओं के एक वर्ग में बदलाव की इच्छा दिखाई दी. इसी भावना का लाभ प्रशांत किशोर को मिला और वे इसे अपने पक्ष में वोट में बदलने में सफल रहे.

बड़ा संदेश दे गया बांकीपुर

बांकीपुर का यह नतीजा सिर्फ एक उपचुनाव का परिणाम नहीं माना जा रहा है. इसे आगामी बिहार के आने वाले चुनावों में एनडीए के लिए चेतावनी और जन सुराज के लिए बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है. बीजेपी के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि वह अपने पारंपरिक गढ़ में मिली इस हार के कारणों की समीक्षा कर आगामी चुनावों के लिए नई रणनीति तैयार करे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *