Home » राजस्थान » राजस्थान में ओबीसी रिपोर्ट पर महासंग्राम , आंकड़ों को लेकर भड़का गुर्जर समाज, बैंसला बोले- आबादी घटाकर दिखाई तो सड़कों पर उतरेंगे

राजस्थान में ओबीसी रिपोर्ट पर महासंग्राम , आंकड़ों को लेकर भड़का गुर्जर समाज, बैंसला बोले- आबादी घटाकर दिखाई तो सड़कों पर उतरेंगे

अबतक इंडिया न्यूज जयपुर 11 अगस्त । प्रदेश में ओबीसी आयोग की रिपोर्ट सामने आने के बाद अब गुर्जर समाज ने भी रिपोर्ट के आंकड़ों को लेकर मोर्चा खोल दिया है. अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने आयोग की रिपोर्ट में गुर्जर समाज की आबादी को कम दिखाने का आरोप लगाते हुए सरकार और आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए. महासभा ने कहा कि रिपोर्ट में गुर्जर समाज की आबादी करीब 32 लाख बताई जा रही है, जबकि सरकार खुद प्रदेश में गुर्जर समाज की आबादी 9 से 10 प्रतिशत तक होने की बात कहती रही है. ऐसे में 32 लाख का आंकड़ा वास्तविक जनसंख्या के अनुरूप नहीं बैठता.

सरकार की नीयत में खोट

अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बच्चू सिंह बैंसला ने कहा कि यदि राजस्थान की कुल आबादी के हिसाब से 9 से 10 प्रतिशत का आंकड़ा देखा जाए तो गुर्जर समाज की आबादी करीब 80 लाख होनी चाहिए. उन्होंने सवाल किया, आखिर ओबीसी आयोग ने गुर्जर समाज की आबादी का यह आंकड़ा किस आधार पर तैयार किया है.

बैंसला ने आरोप लगाया ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के माध्यम से गुर्जर समाज की आबादी को कम दिखाने की कोशिश की जा रही है. इससे सरकार की नीयत पर सवाल खड़े होते हैं. क्या आयोग में ऐसे लोग बैठे हैं, जिन्हें आंकड़ों की सही जानकारी नहीं है या सरकार के इशारे पर ऐसे आंकड़े जारी किए गए. बैंसला ने आशंका जताई कि आगामी निकाय और पंचायत चुनाव को देखते गुर्जर समाज की संख्या और राजनीतिक प्रभाव को कम दिखाने की कोशिश की जा सकती है.

समाज को दबाने की कोशिश हुई तो चुप नहीं बैठेंगे

 बैंसला ने चेताया कि गुर्जर समाज को किसी भी स्तर पर दबाने या उसके अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी. यदि सरकार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और समाज को आंदोलन को मजबूर किया गया तो गुर्जर समाज सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराएगा. बैंसला ने कहा कि पन्नाधाय माता पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक हैं. प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री उदयपुर में उनकी प्रतिमा का उद्घाटन कर चुके हैं. राज्यपाल वहां पहुंच चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद पन्नाधाय को राजपूत बताने से गुर्जर समाज में नाराजगी है. इस मामले को लेकर भी राजस्थान समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ज्ञापन दिए जा रहे हैं. महासभा ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर इस मामले में भी हस्तक्षेप की मांग की है.

अब जागरूक हो गया समाज

 अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामप्रसाद धाबाई ने कहा कि जिस तरह से गुर्जर समाज की संख्या बताई है और लगातार समाज से जुड़े मुद्दों पर नुकसान पहुंचाने वाली बातें सामने आ रही हैं, उससे समाज में नाराजगी बढ़ रही है. अब गुर्जर समाज में शिक्षा और जागरूकता आ गई है.लोग अपने अधिकारों को लेकर पहले से ज्यादा सजग हैं.

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *