Home » धर्म » बीकानेर में पहली बार: एक ही छत के नीचे गूंजेंगी पांच कथाएं, वृंदावन के कलाकार करेंगे रासलीला का मंचन

बीकानेर में पहली बार: एक ही छत के नीचे गूंजेंगी पांच कथाएं, वृंदावन के कलाकार करेंगे रासलीला का मंचन

अबतक इंडिया न्यूज 13 नवंबर बीकानेर । शहर में आध्यात्मिक उल्लास का अनूठा और ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। सेवन स्टार फाउंडेशन एवं सनातन मित्र मंडल के तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन-2 में 22 दिसंबर से 31 दिसंबर तक 11 दिवसीय ‘पंच पावन कथा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। बीकानेर में यह पहला अवसर होगा जब एक ही छत के नीचे पांच अलग-अलग कथाओं का वाचन विद्वान पंडितों द्वारा किया जाएगा।

आयोजन को लेकर बाहेती भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीएम महेंद्र चूरा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत से एक दिन पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी और इस दौरान वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा मनमोहक रासलीला की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

11 दिवसीय 'पंच पावन कथा महोत्सव
11 दिवसीय ‘पंच पावन कथा महोत्सव

कार्यक्रम और कथाओं का शेड्यूल

 

कथा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे से सायं 5:15 बजे तक विभिन्न कथाओं का अमृत पान कराया जाएगा:

  • 22 से 23 दिसंबर: श्रीमद् देवी भागवत कथा (वाचक: पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास)
  • 24 से 25 दिसंबर: शिव महापुराण कथा (वाचक: पं. आशाराम व्यास)
  • 26 से 27 दिसंबर: श्रीराम कथा (वाचक: पं. संजय व्यास)
  • 28 से 29 दिसंबर: श्री बाबा रामदेव चरित कथा (वाचक: पं. लक्ष्मीकांत व्यास, कलकत्ता वाले)
  • 30 से 31 दिसंबर: श्रीमद् भागवत कथा (वाचक: पं. मुरली मनोहर व्यास)

इसके साथ ही, 23 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन सायं 7:00 से 10:00 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा दिव्य रासलीला का मंचन किया जाएगा।

भव्य कलश यात्रा और सुंदरकांड पाठ से होगा आगाज

 

महोत्सव का शुभारंभ कलश यात्रा से होगा, जो दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपाल मंदिर से रवाना होकर मून्दड़ा चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, सदाफते, बारह गुवाड़ और नत्थूसर गेट होते हुए ओझा सत्संग भवन पहुंचेगी। मार्ग में जगह-जगह कलश यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

कलश यात्रा के उपरांत शाम 6:00 बजे बीकानेर मानस परिवार की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जिसकी पूर्णाहुति पर पुनरासर हनुमान मंदिर परिवार की तरफ से भव्य महाआरती की जाएगी।

संतों का मिलेगा सानिध्य और महाप्रसादी

 

कथा महोत्सव में देश-प्रदेश के कई प्रतिष्ठित संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त होगा। इनमें काशी करपात्री धाम के अधिष्ठाता सर्वेश्वरानंद महाराज, सागर आश्रम के श्रीधरानंद सरस्वती महाराज, श्री नवलेश्वर मठ के शिव सत्यनाथ महाराज, राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, शिवबाड़ी मंदिर के विमर्शानंद महाराज, गायत्री पीठ सागर के रामेश्वरानंद महाराज, मुरली मनोहर धोरा के श्यामसुंदर महाराज और बाल संत छैल बिहारी महाराज उपस्थित रहेंगे।

कथा की पूर्णाहुति पर 31 दिसंबर को महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *