अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 8 सितंबर । देशनोक नगरपालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी का चुनावी अभियान अब जोर पकड़ता नजर आ रहा है। मंगलवार को कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 1, 3, 4, 5 और 18 सहित विभिन्न वार्डों में आयोजित आमसभाओं एवं नुक्कड़ सभाओं में भाग लेकर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनादेश मांगा।
इस दौरान विधायक भाटी ने मतदाताओं से संवाद करते हुए विकास, सुशासन और बेहतर नागरिक सुविधाओं को चुनावी मुद्दा बताते हुए देशनोक में भाजपा बोर्ड बनाने का आह्वान किया। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय वरिष्ठजनों ने भी विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क कर प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
विधायक भाटी ने कहा कि “देशनोक में भाजपा की लहर स्पष्ट दिखाई दे रही है। जनता विकास और सुशासन के पक्ष में अपना मन बना चुकी है।” उन्होंने कहा कि देशनोक के प्रत्येक वार्ड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भाजपा की प्राथमिकता है।
भाटी ने प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा देशनोक के विकास के लिए उपलब्ध करवाए गए बजट और विधायक कोटे से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई कार्य वर्तमान में धरातल पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास की गति को और तेज किया जाएगा तथा देशनोक में आधुनिक बुनियादी ढांचे एवं बेहतर नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यकर्ताओं के जोश और जनसमर्थन का किया दावा
जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा नेताओं ने क्षेत्र में मातृशक्ति और युवा वर्ग की भागीदारी तथा आमजन से मिल रहे समर्थन को पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल का संकेत बताया। विधायक भाटी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा देशनोक में मजबूत जनादेश हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि देशनोक का संकल्प विकास और सुशासन के साथ भाजपा बोर्ड बनाना है। भाटी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क तेज करने तथा प्रत्येक मतदाता तक पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया।
25 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों का जनसंपर्क तेज
देशनोक नगरपालिका चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी नथमल सुराणा, मेघदान चारण, नथुराम कड़ेला, रुक्मणी देवी, बाबू नायक, अनिल सारड़ा (सी.ए.), मैना कंवर, ललिता देवी, रमेश चन्द्र उपाध्याय, काना राम धूरखवाल, शिव दयाल बारड़, सोनू कंवर (समर्थित भाजपा), देवेन्द्र सिंह चारण, मुन्नी देवी, ममोल देवी, गोपाल राम मेघवाल, लीला देवी नाहटा, राधा देवी, रूप दान चारण, विनोद दान चारण, लीला देवी सोनार, सीता दान बारहठ, श्याम सिंह चारण, चन्दा देवी एवं राम कंवरी अपने-अपने वार्डों में लगातार जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं।
भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क, आमसभाओं, नुक्कड़ सभाओं तथा व्यक्तिगत संवाद के माध्यम से मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है। पार्टी की ओर से देशनोक के विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए भाजपा बोर्ड बनाने की अपील की जा रही है।
विधायक भाटी ने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता के दम पर देशनोक में भाजपा को भारी बहुमत मिलेगा और शहर के विकास का नया अध्याय शुरू होगा।
भाजपा नेताओं ने जनसंपर्क के दौरान मिले स्नेह और समर्थन के लिए देशनोक के नागरिकों का आभार व्यक्त किया।












