अबतक इंडिया न्यूज 8 अगस्त बीकानेर/कोलायत। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता समारोह-2026 के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 14 अगस्त को श्री कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेघासर के दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण करेंगे और विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ मेघासर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। विधायक भाटी ने जनसभा स्थल और प्रस्तावित हेलीपैड के लिए चिन्हित स्थान का मौका मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत और मंच व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा पूरे कोलायत क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। मेघोजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण क्षेत्र की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटने और आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान एडीएसपी बी.एल. मीणा, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, सरपंच आसकरण उपाध्याय, जयसिंह भाटी, पवन जोशी और महावीर सिंह चारण ,मगेज सिंह भाटी, मोहन उपाध्याय एवं हरि उपाध्याय,जेठमल भेलू सहित कई प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।











