अबतक इंडिया न्यूज पलाना, 2 अगस्त। गाँव की जांगलू रोड स्थित सामुदायिक पानी की टंकी क्षेत्र में रविवार को ग्रामीणों के जन सहयोग से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान औषधीय एवं फलदार प्रजातियों के लगभग 200 पौधे लगाए गए।
शारीरिक शिक्षक रणजीत सियाग की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में गाँव के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एक-एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि पलाना में यह पौधरोपण अभियान प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिसके तहत पूर्व में भी सरकारी स्कूल, अस्पताल और तलाई क्षेत्र में हज़ारों पौधे लगाए जा चुके हैं, जो आज वृक्ष बनकर लहलहा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व भूदान यज्ञ बोर्ड के अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि, “अपने बाल-बच्चों का पालन-पोषण तो हर व्यक्ति कर लेता है, लेकिन पेड़-पौधों को पाल-पोसकर बड़ा करना बहुत पुण्य और ज़िम्मेदारी का काम है।” उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को शुद्ध करने और धरती माता का शृंगार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मगाराम सियाग ,जगदीश सियाग , मानाराम सारण, रामेश्वर लाल सियाग ,पप्पू कड़वासरा ,रामलाल सियाग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।











