अबतक इंडिया न्यूज 22 जून देशनोक । देशनोक कस्बे में पिछले लंबे समय से जारी अघोषित बिजली कटौती और पेयजल आपूर्ति की भारी अव्यवस्था को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस गंभीर समस्या के समाधान और विभागों में पारदर्शिता लाने के लिए पूर्व पार्षद एवं पूर्व देशनोक भाजपा मंडल अध्यक्ष व पार्षद प्रतिनिधि लक्ष्मण दान ने बीकानेर जिला कलेक्टर को एक आधिकारिक ज्ञापन प्रेषित कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
लक्ष्मण दान द्वारा प्रेषित ज्ञापन में डिस्कॉम (विद्युत विभाग) और जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनता के हित में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं।
1. डिस्कॉम द्वारा FRT कर्मचारियों की सूची सार्वजनिक हो
उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के तुरंत निवारण के लिए जोधपुर डिस्कॉम द्वारा देशनोक क्षेत्र के सभी एफआरटी (Fault Repair Team) कर्मचारियों के नाम, पद और मोबाइल नंबर की सूची ‘आम सूचना’ (सार्वजनिक नोटिस) के रूप में जारी की जाए, ताकि आमजन सीधे उनसे संपर्क कर सकें।
2. जलदाय विभाग द्वारा ठेकेदार के एग्रीमेंट की कॉपी सार्वजनिक की जाए
जलदाय विभाग द्वारा कस्बे में जलापूर्ति के लिए जिस ठेकेदार को काम सौंपा गया है, उस ठेकेदार के एग्रीमेंट (अनुबंध) की प्रति सार्वजनिक रूप से जारी की जाए। इसकी एक-एक प्रति जिला कलेक्टर कार्यालय और डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों को भी लिखित में भेजी जाए, ताकि जनता और प्रशासन को ठेकेदार की शर्तों और जवाबदेही की सही जानकारी मिल सके।
3. अघोषित कटौती और लापरवाही पर लगे रोक
बिना किसी पूर्व सूचना के की जा रही अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए। इसके साथ ही, अपने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले फीडर इंचार्ज व तकनीकी सहायकों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भेजी गई है.










