अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 20 जून । रेल यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में रेलवे सोमवार से नई साबरमती-लालगढ़-साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन प्रारंभ करने जा रहा है। इससे पहले रविवार को उद्घाटन फेरे के तहत केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बीकानेर से उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार बीकानेर में आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल,सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 04707 बीकानेर-साबरमती एक्सप्रेस को सुबह 9.45 बजे रवाना करेंगे।
सुदर्शन के अनुसार उद्घाटन स्पेशल ट्रेन बीकानेर से सुबह 9.45 बजे रवाना होकर रात 11.50 बजे साबरमती पहुंचेगी। ट्रेन मार्ग में नोखा,नागौर,मेड़ता रोड,गोटन,जोधपुर,लूनी,समदड़ी,मोकलसर,जालोर,मोदरान,मारवाड़ भीनमाल,रानीवाड़ा,धनेरा,भीलड़ी, पाटन और महेसाना स्टेशनों पर ठहरेगी।
उद्घाटन स्पेशल में कुल 17 कोच लगाए गए हैं। इनमें एक फर्स्ट एसी,दो सेकंड एसी,पांच थर्ड एसी, तीन स्लीपर,4जनरल कोच और दो पावर कार शामिल हैं।
नई रेलसेवा शुरू होने से राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। खास तौर पर जोधपुर,जालोर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
देशनोक मे ठहराव की मांग
देशनोक से होकर गुजरने वाली इस ट्रैन का देशनोक मे ठहराव की मांग भी तेजी से उठ रही हैं।अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत देशनोक रेलवे स्टेशन भवन तो विश्व स्तरीय बन चूका हैं लेकिन लंबी दुरी की ट्रेनों के ठहराव को लेकर आमजन की मांगे अभी भी लंबित हैं। केंद्र सरकार की प्रसादम योजना के तहत देशनोक करणी माता मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु करोड़ों रूपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं।देशनोक तेजी से विश्व पटल पर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा हैं।प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक देशनोक दौरे के बाद देशनोक में पर्यटकों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हो रहा हैं। ऐसे में देशनोक से हो कर गुजरने वाली लंबी दुरी की ट्रेनों का देशनोक में ठहराव केवल मांग ही नहीं पर्यटन के दृष्टिकोण से आज के समय की आवश्यकता भी हैं।











