Home » खेल » स्काउट-गाइड कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में 105 बालक-बालिकाओं ने विभिन्न व्यावसायिक एवं रचनात्मक विधाओं का लिया प्रशिक्षण

स्काउट-गाइड कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में 105 बालक-बालिकाओं ने विभिन्न व्यावसायिक एवं रचनात्मक विधाओं का लिया प्रशिक्षण

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 16 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदासर में आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह मंगलवार को संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस लिखाला रहे।

कार्यक्रम में रामेश्वर लाल परिहार, एसबीआई शाखा उदासर के प्रबंधक विनय ढाका, संस्था प्रधान उषा रानी, मनीषा चौहान, बजरंग लाल भादू, जेठमल मेघवाल, रामस्वरूप स्वामी, हरमानदान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस लिखाला ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा प्रतिवर्ष कौशल विकास प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों के माध्यम से बालक-बालिकाओं को जीवनोपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण देकर उनकी बहुआयामी प्रतिभाओं को निखारने और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाता है।

इस अवसर पर शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को एसबीआई शाखा उदासर के सहयोग से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने शिविरार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया तथा प्रशिक्षण अवधि में तैयार की गई विभिन्न कलात्मक एवं उपयोगी सामग्रियों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

शिविर परिचय प्रस्तुत करते हुए सीओ स्काउट जसवंतसिंह राजपुरोहित ने बताया कि 18 मई से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण शिविर में 105 बालक-बालिकाओं ने सिलाई, मेहंदी, नृत्य, चित्रकला, ब्यूटीशियन, इंग्लिश स्पोकन, कंप्यूटर सहित विभिन्न कौशल आधारित विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

शिविर के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों रामकृष्ण पन्नीवाल, संजना पुरोहित, गोपी प्रजापत, तानिया परिहार, आराधना एवं जयश्री को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में शिविर संचालक भंवर सिंह शेखावत ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *