Home » राज्य » राजस्थान में बीकानेर सहित कई संभागों के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी

राजस्थान में बीकानेर सहित कई संभागों के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी

अबतक इंडिया न्यूज 4 जून । राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तंत्र के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा. जयपुर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा और जोधपुर संभाग के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग का मानना है कि इन गतिविधियों के चलते प्रदेश में चल रही गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी और तापमान में गिरावट दर्ज होगी.
मौसम विभाग के अनुसार 4 जून को प्रदेश में मौसम गतिविधियां और अधिक प्रभावी हो सकती हैं. बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. कई स्थानों पर हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है, जिससे हीटवेव की स्थिति से राहत मिलेगी. किसानों और आम लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है.
जयपुर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. प्रदेश से नौतपा की विदाई के साथ ही मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है.
ऑरेंज अलर्ट
अगले तीन घंटों के लिए नागौर, जोधपुर, पाली, भीलवाड़ा, ब्यावर, अजमेर, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहाँ तीव्र मेघगर्जन, गरज-चमक के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, धूलभरी आंधी आने और हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है.
येलो अलर्ट
इसके साथ ही, राजस्थान के 6 जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. इसमें टोंक, जयपुर, सवाई माधोपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ और दौसा जिले शामिल हैं. इन क्षेत्रों में मध्यम मेघगर्जन, गरज-चमक के साथ अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
बीकानेर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. तेज धूल भरी आंधी के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया. देर रात मौसम बदलने के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. तेज बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश जारी है और मौसम पूरी तरह तूफानी हो गया है.
बीकानेर, श्रीगंगानगर और जैसलमेर में येलो अलर्ट
पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, फलोदी और आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. बीकानेर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि आगामी दिनों में आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.
किसानों के लिए IMD की विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. खुले आसमान में रखी फसल, अनाज और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं. तेज हवाओं और बारिश के कारण नुकसान की आशंका को देखते हुए कृषि कार्य मौसम साफ होने के बाद ही करने की सलाह दी गई है. पशुपालकों को भी अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *