Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » राजस्थान :गैस सिलेंडर ब्लास्ट, एक ही परिवार के 7 लोग झुलसे

राजस्थान :गैस सिलेंडर ब्लास्ट, एक ही परिवार के 7 लोग झुलसे

अबतक इंडिया न्यूज भिवाड़ी 30 अप्रैल । राजस्थान के भिवाड़ी में गुरुवार की सुबह बहुत बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया. जहां साथलका गांव की बिल्लू कॉलोनी में एक भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने न केवल एक घर को तहस-नहस कर दिया बल्कि एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां भी छीन लीं. इस हादसे में परिवार के सात सदस्य बुरी तरह झुलस गए हैं जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

सुबह के नाश्ते की तैयारी बना काल  

हादसा उस वक्त हुआ जब घर में सुबह के खाने की तैयारी चल रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा घर मलबे और आग की लपटों में घिर गया. धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं. लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक घर के भीतर मौजूद मासूम बच्चे और बड़े आग की चपेट में आ चुके थे.

नौनिहाल सहित  सात लोग गंभीर रूप से झुलसे

इस मर्मांतक घटना में 35 वर्षीय राम सिंह और उनकी पत्नी ममता के साथ-साथ उनके पांच बच्चे काजल (15), भुवेश (12), किशनवती (12), पंकज (8) और छगन (6) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने मलबे से घायलों को बाहर निकाला और तुरंत भिवाड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया है.

 जांच और सुरक्षा पर सवाल

घटना की सूचना पर फेज थर्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में गैस रिसाव (लीकेज) को धमाके की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या सिलेंडर में कोई तकनीकी खामी थी या रेगुलेटर ढीला रह गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *