Home » बिज़नेस » ग्रामीण हाट प्रदर्शनी सह व्यापार मेला :छोटे उद्योगों के लिए बड़ा प्रयास है पीएम विश्वकर्मा योजना : जिला कलेक्टर

ग्रामीण हाट प्रदर्शनी सह व्यापार मेला :छोटे उद्योगों के लिए बड़ा प्रयास है पीएम विश्वकर्मा योजना : जिला कलेक्टर

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 22 मार्च। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत स्थानीय कारीगरों एवं लाभार्थियों को प्रोत्साहन प्रदान करने हेतु 22 से 24 मार्च तक ग्रामीण हाट में प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का शुभारंभ बीकानेर जिला कलेक्टर श्रीमती नमृता वृष्णि द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने छोटे उद्योगों को बाजार से जोड़ने के विभिन्न माध्यमों पर विचार रखते हुए इस योजना की सराहना की। उन्होंने अधिक से अधिक कारीगरों एवं स्वयं सहायता समूहों को इस योजना से जुड़ने और मेले का लाभ उठाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम समन्वयक एवं एमएसएमई सहायक निदेशक तरुण भटनागर ने बताया कि जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से आयोजित यह मेला प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। मेले में करीब 55 स्टॉल प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों द्वारा लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मेले का उद्देश्य लाभार्थियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना, व्यवसाय का विस्तार करना, नए अवसरों की तलाश, आपसी सहयोग को बढ़ावा देना तथा नेटवर्किंग के माध्यम से ज्ञान वृद्धि करना है।

प्रदर्शनी में पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर नाबार्ड के रमेश तांबिया ने स्वयं सहायता समूहों एवं जीआई कलाकारों के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी तथा कारीगरों को आजीविका उद्यम विकास कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर लक्ष्मण मोडासिया, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार, लघु उद्योग भारती की राखी सहित अन्य अतिथिगण एवं सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे और विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *