Home » टॉप न्यूज़ » गैस किल्लत की अफवाहों पर एक्शन मोड पर प्रशासन ,विजिलेंस यूनिट का गठन , हेल्पलाइन नंबर जारी

गैस किल्लत की अफवाहों पर एक्शन मोड पर प्रशासन ,विजिलेंस यूनिट का गठन , हेल्पलाइन नंबर जारी

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 12 मार्च। घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की वास्तविक उपभोक्ताओं को समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में जिला कलक्टर कार्यालय, बीकानेर में कंट्रोल रूम का गठन तत्काल प्रभाव से किया गया है। जिसके दूरभाष नंबर 0151-2226031 हैं।

जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा के अनुसार कंट्रोल रूम में निर्धारित समयानुसार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का समाधान करेंगे। ड्यूटी साप्ताहिक चक्रानुसार बदली जाएगी तथा संबंधित कार्मिक अपने नियमित कार्यालय कार्य भी यथासमय पूर्ण करेंगे।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण अथवा अन्य शिकायतों के लिए आमजन हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क कर सकते हैं तथा जिला रसद अधिकारी के दूरभाष नंबर 0151-2226010 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

 

घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बढाई अतिरिक्त सतर्कता    

जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए जिले में गैस वितरण और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था और आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला कलक्टर, जिला रसद अधिकारी तथा तेल कंपनियों के अधिकारियों के बीच प्रतिदिन समन्वय रखा जा रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत समाधान किया जा सके।

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस से जुड़ी शिकायतों के लिए आमजन 112, 181 और 1445 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पैनिक करने वाली भ्रामक खबरों का तत्काल खंडन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट विजिलेंस यूनिट का गठन जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) की अध्यक्षता में किया गया है। यह यूनिट अवैध भंडारण, अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी पर 24 घंटे निगरानी रखेगी।संभावित अवैध रिफिलिंग स्थलों का नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

शर्मा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर गैस वितरण केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। साथ ही सभी एलपीजी वितरण केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को अभय कमांड सेंटर से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गतिविधियों की लगातार निगरानी हो सके।

उन्होंने बताया कि एलपीजी सिलेंडरों से भरे वाहनों की सुरक्षा और मूवमेंट पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।

जिला रसद अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस आपूर्ति को लेकर घबराहट या अनावश्यक भंडारण से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *