अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 11 फरवरी।कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने राजस्थान सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को ‘विकसित राजस्थान @2047’ के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के 8 करोड़ नागरिकों की आशाओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिबिंब है।

विधायक भाटी ने विशेष रूप से कोलायत विधानसभा क्षेत्र को मिली सौगातों का उल्लेख करते हुए कहा कि देशनोक में 24×7 पेयजल आपूर्ति हेतु 750 करोड़ रुपए का प्रावधान ऐतिहासिक निर्णय है। इससे माँ करणी की नगरी देशनोक सहित आसपास के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। ग्राम नोखा दैया जलयोजना के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए राशि स्वीकृति भी सराहनीय है।
विधायक भाटी ने कहा कि नहरी क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण हेतु पन्नालाल बारूपाल लिफ्ट नहर प्रणाली के जीर्णोद्धार के लिए 60 करोड़, कोलायत लिफ्ट नहर प्रणाली के पुनर्निर्माण, मरम्मत एवं आधुनिकीकरण के लिए 50 करोड़ रुपए, बरसलपुर शाखा नहर प्रणाली की बुर्जी संख्या 0 से 114 तक 24,067 हेक्टेयर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त खालों के जीर्णोद्धार हेतु 108 करोड़ रुपए तथा इंदिरा गांधी मुख्य नहर की बुर्जी 860 से 961 के मध्य 9,476 हेक्टेयर क्षेत्र में सीधे माइनर एवं मोघों के जीर्णोद्धार हेतु 48 करोड़ रुपए की घोषणा को भाटी ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
विधायक भाटी ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ा को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में क्रमोन्नत करना ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगा। ग्राम बीकोलाई में सौर पार्क निर्माण तथा थार सांस्कृतिक सर्किट की परिकल्पना से क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन एवं आवागमन सुविधाओं का विस्तार होगा।
भाटी ने कहा कि बीकानेर एवं जैसलमेर में 2900 करोड़ करोड़ की लागत से 4830 मेगावॉट क्षमता के सौर पार्कों की स्थापना मरुधरा में ऊर्जा क्रांति का मार्ग प्रशस्त करेगी। किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति, नए जीएसएस की स्थापना एवं विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

थार सांस्कृतिक सर्किट को ऐतिहासिक पहल बताते हुए भाटी कहा कि थार मरुभूमि केवल रेत का विस्तार नहीं, बल्कि समृद्ध लोक-संस्कृति, आस्था, वीरता और आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत केंद्र है। प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को समेकित पर्यटन श्रृंखला में विकसित करने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को व्यापक लाभ होगा।
युवाओं के लिए 10 लाख रुपए तक के स्वरोजगार ऋण, 30,000 युवाओं को प्रत्यक्ष लाभ, मेघावी विद्यार्थियों हेतु ई-वाउचर, 500 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा तथा ‘राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी’ के गठन को उन्होंने युवाशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक पहल बताया।
स्वास्थ्य क्षेत्र में 32,526 करोड़ रुपए का प्रावधान, जल जीवन मिशन का विस्तार, ग्रामीण महिला बीपीओ की स्थापना, अटल प्रगति पथ, लॉजिस्टिक पार्क एवं अधोसंरचना विकास की योजनाओं को विधायक भाटी ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला बताया।
विधायक भाटी ने कहा कि सरकार ने संकल्प पत्र की 392 घोषणाओं में से 282 को दो वर्षों में पूर्ण कर जनविश्वास को सुदृढ़ किया है। यह बजट किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग एवं वंचित वर्ग के समग्र सशक्तीकरण का ठोस दस्तावेज है।
भाटी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट राजस्थान को समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।










