अबतक इंडिया न्यूज 17 अप्रैल ,मौसम । राजस्थान में कुदरत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां मौसम विभाग ने जयपुर और भरतपुर संभाग सहित कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है, वहीं दूसरी ओर थार के रेगिस्तान में सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही है.जयपुर और भरतपुर संभाग में हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट है, जबकि बाड़मेर (42.9°C) में भीषण गर्मी है. 20 अप्रैल को एक और विक्षोभ आने की संभावना है, जो पारा और गिरा सकता है.
बढ़ते तापमान और हीटवेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सुझाव दिए हैं. कहा कि पानी, ओआरएस (ORS) और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें. सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें. मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लेवे, पेड़ों के नीचे शरण ना ले. मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, एक कमजोर विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. प्रभावित क्षेत्रों में अलवर, डीग, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ हैं. इन क्षेत्रों में वज्रपात (बिजली गिरने) का भी अलर्ट हैं ।
बारिश के अलर्ट के बीच पश्चिमी राजस्थान के हालात काफी मुश्किल भरे हैं. बाड़मेर और जैसलमेर जैसे जिलों में पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है. IMD की 17 अप्रैल अप्रैल की लेटेस्ट अपडेट के अनुसार राजस्थान के 5 सबसे गर्म शहरों में बाड़मेर 42.9°C, जैसलमेर 42.8°C, चूरू 42.4°C, फलोदी 42.0°C और बीकानेर में 42.0°C पारा दर्ज किया गया हैं ।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर की तात्कालिक (सुबह 10:40 बजे) चेतावनी के अनुसार आगामी तीन घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, बीकानेर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है.
बता दें कि 18-19 अप्रैल अधिकांश जिलों में मौसम दोबारा शुष्क हो जाएगा, जिससे गर्मी फिर जोर पकड़ेगी. वहीं 20 अप्रैल एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे महीने के अंत में फिर से हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.










