Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » पलाना में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की मौत,पढ़ें पूरी खबर

पलाना में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की मौत,पढ़ें पूरी खबर

अबतक इंडिया न्यूज पलाना 28  जून । पलाना-जेगला रोड स्थित तालाब में रविवार को नहाने गए तीन बच्चों में से एक मासूम की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। तालाब में डूब रहे एक अन्य बच्चे को उसके सगे भाई ने सूझबूझ दिखाते हुए हाथ खींचकर बचा लिया, लेकिन चचेरे भाई को नहीं बचाया जा सका। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को तालाब से बाहर निकाला।मृतक सहीराम पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल निवासी अगुणा मेघवालों का मोहल्ला कक्षा  नौवीं का छात्र था ।

​नहाने के दौरान गहराई में जाने से हुआ हादसा

 

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पलाना निवासी तीन बच्चे तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय सहीराम (12 वर्ष) और प्रमोद (14 वर्ष) अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख प्रमोद के सगे भाई नवीन ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और प्रमोद का हाथ खींचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन तब तक उनका चचेरा भाई सहीराम गहरे पानी में समा गया।

 

​परिजनों को दी सूचना, मचा कोहराम

 

हादसे से घबराए बच्चे तुरंत घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बच्चे के डूबने की खबर सुनते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।

​SDRF ने 3 घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला शव

 

SDRF के हेड कांस्टेबल लालचंद ने बताया कि उन्हें सुबह 11:45 बजे बीकानेर पुलिस कंट्रोल रूम से पलाना के तालाब में बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही SDRF की टीम दोपहर 12:15 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम के जवानों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 12 वर्षीय सहीराम के शव को पानी से बाहर निकाला।

​देशनोक CHC में रखवाया शव

देशनोक थाना पुलिस ने मृतक बच्चे सहीराम के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को देशनोक के राजकीय सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया है, जहाँ आगामी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद से पूरे पलाना गांव में शोक की लहर छा गई है।

 

इनपुट स्टोरी : लक्ष्मण शर्मा ,पलाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *