अबतक इंडिया न्यूज 11 अक्टूबर देशनोक । विश्व प्रसिद्ध देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में शारदीय नवरात्र मेले को लेकर सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी भव्य रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। कल रविवार से शुरू हो रहे इस पावन पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष बादल सिंह ने जानकारी दी कि रविवार, 11 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से 12 बजे के बीच शुभ मुहूर्त में शास्त्रोक्त आचार्य नरेंद्र कुमार मिश्र के सान्निध्य में घटस्थापना की जाएगी।
सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं
मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
पुलिस सुरक्षा:
एएसपी ग्रामीण बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में 150 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे वस्त्रों में पुलिस बल तैनात रहेगा, जो मुख्य रूप से चैन स्नैचिंग और पॉकेटमारी जैसी वारदातों पर कड़ी नजर रखेगा।

यातायात डायवर्जन:
नवरात्रा की पूर्व रात्रि व प्रथम नवरात्रा पर आनेवाले पदयात्रियों की भारी आमद को देखते हुए शनिवार को नेशनल हाईवे 62 पर भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है। वाहनों को उदयरामसर और भामटसर के रास्तों से डायवर्ट किया गया है।
आपातकालीन और चिकित्सा सेवाएं:

देशनोक नगरपालिका द्वारा अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं का अमला पूरी तरह तैयार रखा गया है। इसके अलावा, चिकित्सा विभाग की ओर से मेला परिसर में विशेष टेंट लगाकर श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।







