Home » शिक्षा » अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर राउमावि आईजीएनपी कॉलोनी की छात्रा सीता चौधरी सम्मानित, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं बहुमुखी प्रतिभा को मिला सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर राउमावि आईजीएनपी कॉलोनी की छात्रा सीता चौधरी सम्मानित, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं बहुमुखी प्रतिभा को मिला सम्मान

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 10 अक्टूबर । अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय महारानी, बीकानेर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर की प्रतिभावान छात्रा सीता चौधरी को शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
छात्रा सीता चौधरी सम्मानित
छात्रा सीता चौधरी सम्मानित
शाला के सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष विधानी ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शालिनी बजाज की गरिमामयी उपस्थिति में छात्रा सीता चौधरी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्रा सीता चौधरी के साथ विद्यालय की निर्मला चैंपियन शिक्षक एवं शमीम बानो एस्कॉर्ट शिक्षक के रूप में उपस्थित रहीं।
समग्र शिक्षा, बीकानेर द्वारा बाल विवाह समाप्त करने एवं बालिकाओं के अधिकारों में निवेश करने के संदेश के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
छात्रा सीता चौधरी विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ देशभक्ति से ओतप्रोत कविता पाठ एवं भाषण कार्यक्रमों में निरंतर उत्साहपूर्वक भाग लेती हैं। विद्यालय के प्रत्येक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उनकी सक्रिय भागीदारी, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध ने छात्रा सीता चौधरी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियां आज शिक्षा, खेल, कला, साहित्य एवं सामाजिक गतिविधियों सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। ऐसी उपलब्धियां न केवल विद्यालय का गौरव बढ़ाती हैं, बल्कि अन्य बालिकाओं को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देती हैं।
सीता चौधरी के सम्मानित होने पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं साथी विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
यह सम्मान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The specified slider is trashed.