अबतक इंडिया न्यूज कोलायत 30 सितंबर । राज्य सरकार ने श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए ₹1.30 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि क्षेत्र में कृषि गतिविधियों और ग्रामीण आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से इन सड़कों की मंजूरी दिलाई गई है। स्वीकृत प्रस्तावों के तहत:
-
अग्नेऊ (उदावतो की ढाणी) से रणधिसर मार्ग: कृषि उपज मंडी समिति, पूगल के प्रस्ताव पर किमी 3/0 से 5/0 तक 2 किलोमीटर लंबी लिंक सड़क के निर्माण हेतु ₹70 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
-
करणीसर–चारणों की आबादी से चक 14 डीओबीबी/62 आरडी मार्ग: कृषि उपज मंडी समिति, बज्जू के प्रस्ताव पर 1.60 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क निर्माण के लिए ₹60 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति जारी हुई है।
इन सड़कों के निर्माण से बज्जू और पूगल क्षेत्र के दर्जनों गांवों एवं ढाणियों के किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक ले जाने में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, ग्रामीण अंचल में बुनियादी ढांचे और सड़क संपर्क में व्यापक सुधार होगा।
विकास कार्यों की स्वीकृति पर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने मुख्यमंत्री एवं राजस्थान सरकार का आभार जताते हुए कहा कि श्रीकोलायत के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनभावनाओं के अनुरूप क्षेत्र में विकास कार्यों का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।












