अबतक इंडिया न्यूज 14 जून बीकानेर। शिक्षा के मंदिर में विकास कार्यों की आड़ में खनिज संपदा की सरेआम लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय से दूर बज्जू तहसील के बज्जू तेजपुरा गांव में शनिवार रात प्रशासन, पुलिस और खान विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर से अवैध रूप से जिप्सम का खनन और परिवहन करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक डंपर को मौके पर ही जब्त किया है।
निर्माण कार्य की आड़ में ‘पीला सोना’ चुराने की साजिश
खनि अभियंता महेश प्रकाश पुरोहित ने बताया कि विभाग को बज्जू तेजपुरा के सरकारी स्कूल में अवैध खनन की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर खान विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन कर शनिवार रात को अचानक दबिश दी गई।

मौके पर नजारा देख अधिकारी भी हैरान रह गए। स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के लिए शौचालय और पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था। इस निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान नीचे बहुमूल्य खनिज जिप्सम निकल आया। ठेकेदार या खनन माफिया ने इस जिप्सम को सरकारी खजाने में जमा कराने या अधिकारियों को सूचित करने के बजाय, रात के अंधेरे में इसे चुपचाप डंपर में लोड कर ठिकाने लगाने की साजिश रच डाली।
कार्रवाई की बड़ी बातें
बरामदगी: मौके से लगभग 55 टन अवैध खनिज जिप्सम जब्त किया गया।
जुर्माना: नियमों के उल्लंघन और अवैध खनन पर कुल 3,30,400 रुपये की शास्ति (जुर्माना) आरोपित की गई है।
वाहन जब्त: अवैध कार्य में लिप्त एक जेसीबी (JCB) मशीन और एक डंपर को सीज किया गया।
फरार आरोपी: रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खनन माफिया और मजदूर मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे माफिया, थाने में मामला दर्ज
अधिकारियों ने बताया कि जब संयुक्त टीम ने स्कूल परिसर को घेरा, तो वहां अफरा-तफरी मच गई। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अवैध खनन करने वाले और गाड़ियों के चालक मौके से भाग छूटे। मौके पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। इसके बाद खनिकार्यदेशक अनिरुद्ध सिंह भाटी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बज्जू पुलिस थाने में अवैध खनन और सरकारी संपत्ति की चोरी की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज करवाई।
एक्शन मोड में रही अफसरों की टीम
माफियाओं के खिलाफ की गई इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके पर बज्जू तहसीलदार मदन सिंह यादव, खनिकार्यदेशक अनिरुद्ध सिंह भाटी और पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद मय जाब्ता मौजूद रहे। खान विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। स्कूल प्रशासन की इस मामले में क्या भूमिका थी, इसकी भी जांच की जा रही है।











