Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा: नो-पार्किंग में खड़ी राख से भरी ट्रक से टकराई दाल से भरी गाड़ी, खलासी का पैर कटा

नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा: नो-पार्किंग में खड़ी राख से भरी ट्रक से टकराई दाल से भरी गाड़ी, खलासी का पैर कटा

अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 23 जुलाई । बीकानेर-नागौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देशनोक थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हाईवे पर बिना किसी लाइट और नो-पार्किंग क्षेत्र में गलत तरीके से खड़ी एक ट्रक में पीछे से आ रही दाल से भरी गाड़ी जा घुसी। भीषण टक्कर में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार खलासी (हेल्पर) का पैर कट गया। घटना के संबंध में पीड़ित वाहन स्वामी की रिपोर्ट पर देशनोक पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?

देशनोक पुलिस से जानकारी के अनुसार, बरसिंहसर (वार्ड नं. 05) निवासी मोतीराम (52 वर्ष) पुत्र धन्नाराम जाट ने पुलिस को दी लिखित रिपोर्ट में बताया कि 22 जुलाई 2026 की रात (तड़के लगभग 2:00 बजे) उनकी गाड़ी (नंबर: RJ 50 GA 5167), जो बीकानेर से दाल भरकर गुजरात की ओर जा रही थी, देशनोक थाना क्षेत्र से गुजर रही थी।इसी दौरान हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास नो-पार्किंग जोन में बिना किसी पार्किंग लाइट के कोयले की राख (फ्लाई ऐश) से भरी एक गाड़ी (नंबर: RJ 07 GC 3895) गलत तरीके से रोड पर खड़ी थी। रात के अंधेरे और खराब/बरसाती मौसम के कारण दृश्यता कम होने से दाल भरी गाड़ी सीधे खड़ी गाड़ी में पीछे से जा घुसी।

खलासी गंभीर रूप से घायल, गाड़ी के उड़े परखच्चे

टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि बीकानेर से जा रही गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में गाड़ी के खलासी (हेल्पर) अरसद अली पुत्र शेरू खां का एक पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना के बाद देशनोक थाना पुलिस ने पीड़ित मोतीराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 125(A) तथा 122/177 मोटर वाहन अधिनियम (M.V. Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) चरण सिंह के सुपुर्द की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *