Home » देश » अब जियोफोन पर मिलेगी रोजमर्रा की बैंकिंग, बीओबी वर्ल्ड लाइट एप लॉन्च

अब जियोफोन पर मिलेगी रोजमर्रा की बैंकिंग, बीओबी वर्ल्ड लाइट एप लॉन्च

अबतक इंडिया न्यूज मुंबई, 13 अप्रैल,।  रिलायंस जियो ने डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के अपने प्रयास के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ मिलकर फीचर फोन यूजर्स के लिए ‘ बीओबी वर्ल्ड लाइट’ मोबाइल बैंकिंग एप लॉन्च किया है। यह एप खास तौर पर जियोफोन प्राइमा 4जी डिवाइस के लिए तैयार किया गया है, जिससे बिना स्मार्टफोन के भी लाखों लोग डिजिटल बैंकिंग का उपयोग कर सकेंगे।

यह एप फीचर फोन यूजर्स को यूपीआई के जरिए भुगतान, पैसे भेजने, बिल भुगतान और अन्य रोजमर्रा की बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराएगा। एप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह कम इंटरनेट स्पीड और कीपैड फोन पर भी आसानी से काम कर सके।

  • जियो और बैंक ऑफ बड़ौदा की साझेदारी, फीचर फोन यूजर्स के लिए नई सुविधा

  • बिना स्मार्टफोन भी यूपीआई, पैसे भेजने और बिल भुगतान की सुविधा 

  • डिजिटल सेवाओं को गांव और छोटे शहरों तक पहुंचाने पर फोकस 

इस साझेदारी के तहत बीओबी वर्ल्ड लाइट’ एप जियोफोन प्राइमा 4जी में पहले से इंस्टॉल मिलेगा और यूजर इसे सीधे होम स्क्रीन से इस्तेमाल कर सकेंगे। मौजूदा जियोफोन यूजर्स इसे ‘जियोस्टोर’ से डाउनलोड कर सकते हैं। यह एप बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहकों के साथ-साथ अन्य बैंकों के ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगा, जहां वे आसान प्रक्रिया से खुद रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

लॉन्च के मौके पर रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के प्रेसिडेंट सुनील दत्त ने कहा, “जियो का फोकस हमेशा सस्ती और बड़े स्तर पर डिजिटल सेवाएं हर भारतीय तक पहुंचाने पर रहा है। जियोफोन इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ यह साझेदारी उसी सफर का अगला कदम है, जिससे देशभर में लाखों यूजर्स को आसान और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग सुविधा मिलेगी।”

कंपनी का कहना है कि जियो के डिजिटल नेटवर्क और बैंक ऑफ बड़ौदा के व्यापक ग्राहक आधार के साथ यह पहल देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग की पहुंच को और बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *