अबतक इंडिया न्यूज 14 अगस्त देशनोक । देशनोक नगरपालिका क्षेत्र में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत पात्र लाभार्थियों को बकाया किस्तों का भुगतान जल्द से जल्द कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को विप्र फाउंडेशन (देशनोक इकाई) द्वारा पालिका अधिशाषी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया।

सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में कई ऐसे पात्र लाभार्थी हैं जो योजना के सभी मानकों और पात्रताओं को पूरा करते हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी पीएम आवास योजना की अगली किस्तों का भुगतान अटका हुआ है। किस्तों में हो रही देरी के कारण गरीब व जरूरतमंद परिवारों को अपने सपनों का घर बनाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विप्र फाउंडेशन ने अधिशाषी अधिकारी से मांग की है कि प्रक्रिया में तेजी लाकर पात्र लाभार्थियों की लंबित किस्तों का जल्द भुगतान करवाकर उन्हें राहत पहुंचाई जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देशनोक पालिका के अधिशाषी अधिकारी रविन्द्र सिंह ने विप्र फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यानपूर्वक सुनी और जल्द ही इस दिशा में उचित व सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में विप्र फाउंडेशन के इकाई अध्यक्ष कैलाश चंद उपाध्याय, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश सेवग एवं करण पाल कठातला सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।












