अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना-2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की जांच के दौरान आक्षेपित पाए गए आवेदनों के अभ्यर्थियों को आक्षेपों की पूर्ति का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। ऐसे आवेदक अब 15 अगस्त, 2026 तक अपने आवेदन में दर्ज आक्षेपों का निराकरण कर सकेंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल डी पंवार ने बताया कि राज्य सरकार के बजट वर्ष 2026-27 की घोषणा संख्या 32 के तहत दिव्यांग युवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 2,500 दिव्यांगजनों को स्कूटी उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। योजना के अंतर्गत चलने-फिरने में असमर्थ विशेष योग्यजन, जो राजकीय अथवा मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों में नियमित अध्ययनरत हैं या रोजगार से जुड़े हुए हैं, उन्हें रेट्रोफिटमेंट युक्त निःशुल्क स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित थी। प्राप्त आवेदनों की जांच के दौरान जिन आवेदनों में आक्षेप पाए गए हैं, उनके आवेदक 15 अगस्त, 2026 तक आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी प्रस्तुत कर आक्षेपों की पूर्ति कर सकते हैं। इसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया संपादित की जाएगी।











