अबतक इंडिया न्यूज 23 नवंबर बीकानेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 409 ग्राम अवैध अफीम और 1 लाख 38 हजार 560 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को स्विफ्ट कार सहित गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेंज आईजी ओमप्रकाश एवं बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नाल पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-11 (NH-11) पर ‘A’ श्रेणी की नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई अंजाम दी।
कार्रवाई में संदीप पुत्र हनुमानाराम, निवासी 20 पीएसडी गौड़ू, पुलिस थाना बज्जू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 409 ग्राम अवैध अफीम तथा 1 लाख 38 हजार 560 रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ एवं वृत्ताधिकारी प्रहलादराय के सुपरविजन में नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, तस्करी के नेटवर्क तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।












