अबतक इंडिया न्यूज 24 जुलाई बीकानेर । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बीकानेर शहर एवं देहात कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार शाम 7:00 बजे एक विशाल कैंडल मार्च निकाला जाएगा। यह कैंडल मार्च गांधी पार्क से शुरू होकर बीकानेर के प्रमुख अंबेडकर सर्किल तक पहुंचेगा।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि देश में नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं सहित 150 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक होने के बावजूद केंद्र सरकार किसी भी अधिकारी या मंत्री की जवाबदेही तय नहीं कर रही है। उल्टा जंतर-मंतर पर अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बेगुनाह छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा तानाशाही पूर्वक लाठीचार्ज करवाया जा रहा है, जो प्रजातंत्र की खुली हत्या है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगे:
- शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: लगातार हो रही धांधलियों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
- मुकदमे वापस हों: दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मासूम छात्रों पर दर्ज किए गए सभी पुलिस मामलों को अविलंब वापस लिया जाए।
- संसद में चर्चा और माफी: संसद के आगामी सत्र में इस गंभीर मुद्दे पर विशेष चर्चा कराई जाए तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं से इस विफलता के लिए माफी मांगें।
इस कैंडल मार्च में बीकानेर शहर व देहात कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा व आमजन शामिल होंगे।












