अबतक इंडिया न्यूज 22 मई । आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित होगी. शाम 5 बजे राज्य कैबिनेट की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. इसके तुरंत बाद, साढ़े 5 बजे मंत्रिपरिषद (Council of Ministers) की बैठक भी होगी. सरकार की ओर से बैठक का एजेंडा मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को भेज दिया गया है. इस बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के साथ बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं.
संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि सीएम भजनलाल की अध्यक्षता में शाम की बैठक को लेकर अधिकारिक एजेंडा जारी नही किया गया. बैठक में इस वक्त प्रदेश की सबसे बड़ी जरूरत पेयजल व्यवस्था और जल प्रबंधन पर गहन चर्चा होगी. भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी के संकट से निपटने के लिए सरकार बड़े नीतिगत फैसले ले सकती है. इसके अलावा, बिजली और गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा पेट्रोल-डीजल से जुड़े मामलों पर भी मंथन किया जाएगा.
इन पांच फैसलों पर होगी नजर
- सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे”
- सरकारी खर्च घटाने के लिए मितव्ययता सर्कुलर
- यूपी मॉडल की तर्ज पर फ्यूल सेविंग उपाय
- सरकारी विभागों में तबादलों से बैन हटाने पर फैसला
- सरकारी कर्मचारियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपयोग के निर्देश
सरकार इन पांच मामलों में अहम फैसला ले सकती है. इसके अलावा भी ईंधन बचाव को लेकर सरकार कई निर्देश दे सकती है. जिसमें मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने पहले ही काफिलों में वाहन कम करना, वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा, प्रशासनिक सुधार विभाग सर्कुलर जारी कर सकता है और मंत्रियों और अफसरों को साइकिल और ई-व्हीकल उपयोग के सुझाव संभव हो सकते हैं.
बता दें, प्रधानमंत्री ने हाल में जिन चीजों को लेकर अपील की है, उन पर राजस्थान में अमल करने को लेकर कैबिनेट में गहन विचार किया जा सकता है. जिस पर कई अहम फैसले हो सकते हैं. वहीं बढ़ती गर्मी को लेकर भी सरकार अहम फैसला ले सकती है.










