अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 17 सितंबर । जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्रीमती शैलजा पांडे ने गुरुवार को गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला (बीकानेर) तथा नंदनवन गौशाला (दियातरा) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लम्पी स्किन रोग से बचाव, टीकाकरण अभियान और गौवंश की देखभाल से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बीरमाराम, डॉ. राजेश हर्ष एवं पशुधन निरीक्षक मुकेश यादव भी मौजूद रहे।
टीकाकरण पूर्ण, आइसोलेशन वार्ड दुरुस्त
निरीक्षण के दौरान गौशाला प्रबंधकों एवं पशुपालन विभाग की टीम ने जानकारी दी कि दोनों गौशालाओं में मौजूद समस्त गौवंश का टीकाकरण पूर्ण कर लिया गया है तथा पशुओं के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जा रही है। CEO ने संदिग्ध व बीमार पशुओं के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्थाओं को जांचा और अधिकारियों को सघन सर्वेक्षण चलाकर प्रत्येक पशु पर नजर रखने के निर्देश दिए।
सफाई और कीटाणुनाशक छिड़काव पर जोर
गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए श्रीमती पांडे ने परिसर में तुरंत आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लम्पी जैसे संक्रामक रोगों से बचाव के लिए नियमित सफाई, कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव और पशुओं के आवास स्थान को स्वच्छ रखना बेहद अनिवार्य है।
गौवंश को खिलाया गुड़, जानीं व्यवस्थाएं
निरीक्षण के अंत में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने गौवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया तथा गौशाला संचालकों से चारे व पेयजल की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालन विभाग और गौशाला प्रबंधन को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर त्वरित कार्रवाई जारी रखने का आह्वान किया।












