अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 15 सितंबर । राष्ट्रीय राजमार्ग 62 (NH 62) पर धारणिया पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना 14 सितंबर की शाम 5 से 6 बजे के बीच की है।
मिली जानकारी के अनुसार, देशनोक वार्ड नंबर 08 निवासी निर्मल (25 वर्ष) पुत्र जितेंद्र अपनी मोटरसाइकिल (RJ07 XC 2319) से बीकानेर जा रहा था। इसी दौरान NH 62 पर धारणिया पंप के आगे बीकानेर की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार (RJ 07 CE 3762) के चालक ने तेज गति व गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद निर्मल मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। राहगीरों की मदद से उसे तत्काल बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना को लेकर मृतक के ताऊ शिवलाल (52 वर्ष) पुत्र सुरजाराम रेगर ने देशनोक थाने में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दी है। पुलिस ने स्विफ्ट कार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) रामस्वरूप को सौंपी गई है।












