Home » चिकित्सा » कोलायत के 21 गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग: विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर को सौंपा पत्र

कोलायत के 21 गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग: विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर को सौंपा पत्र

अबतक इंडिया न्यूज कोलायत 19 अगस्त । श्री कोलायत विधानसभा क्षेत्र के दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने पहल की है। विधायक भाटी ने बुधवार को जयपुर में प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर से मुलाकात कर इस संबंध में एक पत्र सौंपा।

मुलाकात के दौरान विधायक भाटी ने स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्रफल की दृष्टि से कोलायत राजस्थान का तीसरा सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र है। लगभग 150 किलोमीटर की परिधि में फैले इस रेगिस्तानी अंचल में गांव और ढाणियां काफी दूर-दूर बसी हुई हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में उप-स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने के कारण निवासियों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए भी जिला या तहसील मुख्यालय जाना पड़ता है। इससे न केवल समय और धन का अपव्यय होता है, बल्कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर को सौंपा पत्र
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर को सौंपा पत्र

इन 21 गांवों में नए केंद्र स्वीकृत करने का आग्रह:

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने पत्र के माध्यम से क्षेत्र के 21 प्रमुख गांवों—तंवरवाला, बिकेन्द्री, कान्धरली, 7 एएम अखूसर, भरतसिंहपुरा, रावलोतान का तला, जुगतसिंह की ढाणी 1 सीडीवाई, फतुवाला, श्रीराम नगरी 10 आरडीवाई आबादी, शेरूवाला, 15-17 पीएसडी, 4 आरडीवाई आबादी, आरडी 860, करणपुरा, चक माधोगढ़, पंचपीठ की ढाणी, सियाणा भाटियान, खेतोलाई शिम्भू, लाडखां उर्फ नयागांव, डेह एवं कोटड़ा में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत करने का विशेष आग्रह किया है।

अंतिम छोर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता: विधायक भाटी 

विधायक भाटी ने कहा कि श्रीकोलायत के प्रत्येक गांव और ढाणी तक स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता है। इन 21 गांवों में नए केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों को उनके घर के समीप ही प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री खींवसर से इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र स्वीकृति जारी करने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *