Home » राज्य » महाराष्ट्र » रिलायंस फाउंडेशन की स्कॉलरशिप के लिए आवेदन शुरू, 5,100 छात्रों को मिलेगा मौका

रिलायंस फाउंडेशन की स्कॉलरशिप के लिए आवेदन शुरू, 5,100 छात्रों को मिलेगा मौका

अबतक इंडिया न्यूज मुंबई, 15  अगस्त।  उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए रिलायंस फाउंडेशन ने स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन लेने शुरू कर दिए हैं। इस साल देशभर के 5,100 प्रथम वर्ष के अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्रों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। अंडरग्रेजुएट छात्रों को पढ़ाई के दौरान ₹2 लाख तक और पोस्टग्रेजुएट छात्रों को ₹6 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

कुल 5,100 स्कॉलरशिप में 5,000 अंडरग्रेजुएट और 100 पोस्टग्रेजुएट छात्रों के लिए हैं। देश के किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में फुल-टाइम डिग्री प्रोग्राम के पहले वर्ष में पढ़ रहे पात्र छात्र आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं है।

अंडरग्रेजुएट  स्कॉलरशिप का चयन मेरिट और आर्थिक स्थिति के आधार पर किया जाएगा। पोस्टग्रेजुएट स्कॉलरशिप इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, एनर्जी और लाइफ साइंसेज जैसे भविष्य से जुड़े विषयों में पढ़ रहे प्रतिभाशाली छात्रों के लिए है। आर्थिक सहायता के अलावा चयनित छात्रों को मेंटॉरशिप, लीडरशिप डेवलपमेंट, नेटवर्किंग और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स से संवाद के अवसर भी मिलेंगे।

रिलायंस पिछले तीन दशकों से स्कॉलरशिप दे रहा है और अब तक 33,000 से अधिक छात्रों को सहायता मिल चुकी है। पिछले वर्ष चुने गए 5,100 छात्र देश के 27 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों के 1,350 संस्थानों से थे। योग्य छात्र रिलायंस फाउंडेशन की स्कॉलरशिप वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *