Home » क्राइम » ANTF व तस्करों में मुठभेड़ , जवाबी कार्रवाई में एक ढेर, साथी गिरफ्तार

ANTF व तस्करों में मुठभेड़ , जवाबी कार्रवाई में एक ढेर, साथी गिरफ्तार

 अबतक इंडिया न्यूज 6 अगस्त राजस्थान ।  भीलवाड़ा जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुर थाना क्षेत्र में तस्करों की सूचना मिलने पर एएनटीएफ के अधिकारी अयूब खान के नेतृत्व में टीम ने नाकाबंदी की. इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. तस्करों की ओर से की गई गोलीबारी के बाद एएनटीएफ टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की.

जवाबी फायरिंग के दौरान गणपत नामक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया. उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के दौरान पुलिस ने गणपत के साथी महेंद्र गोदारा को भी हिरासत में ले लिया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों किस गिरोह से जुड़े थे, उनके पास कौन-कौन से हथियार थे और वे किस प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी में शामिल थे.
पुलिस ने इलाके की कर रखी है घेराबंदी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटनास्थल से मिले सबूतों को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है. पुलिस तस्करों के नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है. महेंद्र गोदारा से पूछताछ के आधार पर कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है. यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

अफीम डोडा चूरा से भरी थी गाड़ी 

भीलवाड़ा एएसपी राजेश आर्य ने कहा कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के भीलवाड़ा चौकी प्रभारी अयुब्ब खान टीम के साथ हाईवे पर नाकाबंदी कर रहे थे. च‍ित्‍तौड़गढ़ की ओर से आ रही कार आ रही थी, ज‍िसमें अफीम डोडा चूरा भरा था. उसे रोकने का प्रयास क‍िया तो उसने फायर‍िंग कर दी. आत्‍मरक्षा में चलाई गोली में एक तस्‍कर की मौत हो गई.

पुराना आपराधिक रिकार्ड

गणपत जाट जोधपुर के डांग‍ियावास थाने का ह‍िस्‍ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ अलग अलग धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं. हाल ही में मध्य प्रदेश राज्य के नीमच जेल से बाहर आया था, और फिर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में जुट गया.

हिरासत में लिए गए महेंद्र गोदारा से पूछताछ जारी
एएनटीएफ ने हाल के महीनों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज किया है. इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई. अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सघन जांच कर रही है. पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के साथ-साथ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, हिरासत में लिए गए महेंद्र गोदारा से लगातार पूछताछ जारी है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *