Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » कोलायत में बिजली ढांचे को मजबूती: विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने किया गड़ियाला में 33/11 केवी सब-स्टेशन का लोकार्पण,

कोलायत में बिजली ढांचे को मजबूती: विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने किया गड़ियाला में 33/11 केवी सब-स्टेशन का लोकार्पण,

अबतक इंडिया न्यूज कोलायत 24 जुलाई । क्षेत्र के किसानों को वर्षों पुरानी लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने ग्राम पंचायत गड़ियाला में नवनिर्मित 33/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का विधिवत लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि गड़ियाला और आसपास का पूरा क्षेत्र कृषि पर आधारित है। ट्यूबवेलों की अधिकता के कारण किसानों को लंबे समय से कम वोल्टेज और बार-बार बिजली कटने की समस्या से जूझना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की इस वाजिब मांग को प्राथमिकता पर रखते हुए स्वीकृति से लेकर निर्माण कार्य पूरा होने तक लगातार प्रयास किए गए, जिसके सुखद परिणाम आज सबके सामने हैं।

आसपास के कई गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

विधायक भाटी ने बताया कि इस नए जीएसएस के शुरू होने से न केवल गड़ियाला, बल्कि हिराई की ढाणी, मंडाल भाटियान और निकटवर्ती ग्रामीण इलाकों में भी विद्युत आपूर्ति अधिक गुणवत्तापूर्ण और स्थिर होगी। इससे किसानों को सिंचाई के समय पर्याप्त वोल्टेज मिलेगा, जिससे फसलों को पानी देने में सुलभता होगी और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

आधारभूत सुविधाओं का हो रहा विस्तार

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से कोलायत विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल और बिजली जैसे मूलभूत ढांचे को मजबूत करने का कार्य तेजी से चल रहा है। जनहित के हर मुद्दे को प्राथमिकता के साथ हल किया जा रहा है।

समारोह में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम के दौरान जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस अवसर पर वर्तमान सरपंच रामेश्वर भूतड़ा, पूर्व सरपंच रामेश्वर जाजड़ा, करणी सिंह रावलोत, इंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, एक्सईएन मनमोहन सिंह, जेईएन ओमप्रकाश जाखड़, मनोहर सिंह सियाणा, धूड़ सिंह देवड़ा, सुमेर सिंह भाटी, खींव सिंह बरसलपुर, सुजान सिंह सोढ़ा, जय सिंह हाड़ला, मंगेज सिंह, हरूराम मेघवाल, गोविंदराम, पवन जोशी सहित कई प्रबुद्धजन और किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *