Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » देशनोक: सीवर कार्य की धीमी गति और पानी की किल्लत पर फूटा गुस्सा, जिला कलेक्टर को भेजा ज्ञापन

देशनोक: सीवर कार्य की धीमी गति और पानी की किल्लत पर फूटा गुस्सा, जिला कलेक्टर को भेजा ज्ञापन

अबतक इंडिया न्यूज 14 जुलाई देशनोक। देशनोक नगर पालिका क्षेत्र में सीवर लाइन के कछुआ चाल कार्य और भीषण गर्मी में पेयजल आपूर्ति ठप होने से आमजन त्रस्त है। जनता की इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व पार्षद व पूर्व भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण दान ने बीकानेर जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर तत्काल दखल देने की मांग की है।

लक्ष्मण दान ने बताया कि देशनोक की मुख्य सड़क, जो विश्व प्रसिद्ध श्री करणी माता मंदिर, राजकीय बालक व बालिका विद्यालयों, नगर पालिका कार्यालय और राजकीय चिकित्सालय जैसे अति-महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ती है, वहाँ सीवर लाइन का काम अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। इसके कारण मुख्य मार्ग पूरी तरह प्रभावित है, जिससे रोज आने वाले श्रद्धालुओं, स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

 

भीषण गर्मी में पानी का संकट बना बड़ी मुसीबत

ज्ञापन में इस बात पर विशेष चिंता जताई गई है कि सीवर लाइन की खुदाई और कार्य के चलते क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बुरी तरह बाधित हो रही है। इस भीषण गर्मी के मौसम में पानी की सप्लाई प्रभावित होना आमजन के लिए दोहरी मुसीबत बन गया है।

ज्ञापन में की गई प्रमुख मांगें:

  • युद्धस्तर पर हो काम: सीवर लाइन कार्य में अतिरिक्त स्टाफ और मशीनें लगाकर काम जल्द पूरा किया जाए।

  • रास्ते बहाल हों: मुख्य मार्ग पर प्राथमिकता से काम कर आवागमन सुचारू किया जाए।

  • पानी की नियमित सप्लाई: पेयजल आपूर्ति को किसी भी स्थिति में बाधित न होने दिया जाए।

  • जवाबदेही तय हो: संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देकर जनता को राहत दी जाए

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्ञापन की कॉपियां कोलायत विधानसभा क्षेत्र के विधायक और देशनोक नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी (EO) को भी त्वरित कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *