अबतक इंडिया न्यूज 11 जून देशनोक । देशनोक थाना क्षेत्र के सूरधना चौहानान गाँव में पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग के घर की बाड़ और झोपड़ी में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के वक्त पीड़ित बुजुर्ग, उनकी पत्नी और दो मासूम दोहिते घर के भीतर सो रहे थे। ग्रामीणों की सजगता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। देशनोक एसचओ सुमन शेखावत ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देर रात दिया वारदात को अंजाम
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में सूरधना चौहानान निवासी 77 वर्षीय बुजुर्ग लक्ष्मण राम राणा ने बताया कि मंगलवार (9 जून) की रात करीब 11:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनके बेटे जगदीश से पुरानी रंजिश रखने वाले कुछ आरोपियों ने उनके घर को घेर लिया। आरोपियों ने घर की घेराबंदी वाली बाड़ और परिसर में बनी झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों ने शोर मचाकर बुझाई आग
झोपड़ी से आग की लपटें और धुआं उठता देख पड़ोसियों ने शोर मचाया, जिसके बाद पीड़ित परिवार की नींद खुली। चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि अगर ग्रामीण समय पर नहीं जागते तो पूरे परिवार की जान जा सकती थी।
इन आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज
पीड़ित लक्ष्मण राम ने बताया कि आरोपी आए दिन उनका रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देते हैं। पुलिस ने इस मामले में भेरारामनिवासी सूरधना चौहानान,श्रवण कुमार निवासी देशनोक, छोटूराम निवासी देशनोक,पिंटू निवासी देशनोक,सन्नी निवासी देशनोक तथा 5 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है ।
ASI टिकुराम पुनिया करेंगे जांच
देशनोक थाना पुलिस के अनुसार, पीड़ित की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326 (F) , 351(2) , और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) टिकुराम पुनिया को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।











