Home » देश » बड़ी खबर : NEET परीक्षा 2026 रद्द, सरकार ने CBI को सौंपी जांच ,दोबारा होगी परीक्षा

बड़ी खबर : NEET परीक्षा 2026 रद्द, सरकार ने CBI को सौंपी जांच ,दोबारा होगी परीक्षा

अबतक इंडिया न्यूज 12 मई । NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा और अहम फैसला लिया गया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को रद्द करने का ऐलान किया है. एजेंसी ने यह निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी और केंद्रीय जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर लिया है, ताकि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को बनाए रखा जा सके.

दोबारा होगा पेपर

NTA ने कहा कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा. ऐसे में अब NEET-UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी. नई परीक्षा तारीखों और एडमिट कार्ड से जुड़ा शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट के जरिए जारी किया जाएगा.

CBI करेगी मामले की जांच

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने का निर्णय लिया है. एजेंसी ने कहा है कि वह CBI को हर तरह का सहयोग देगी और जांच के लिए जरूरी सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगी.

NTA ने यह भी साफ किया कि यह फैसला छात्रों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है. परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके परिवारों को होने वाली परेशानियों को एजेंसी ने स्वीकार किया, लेकिन कहा कि लंबे समय तक भरोसा कायम रखना इससे ज्यादा जरूरी है.

दोबारा नहीं करना होगा एप्लाई

छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा. मई 2026 परीक्षा चक्र का पूरा डेटा- जिसमें उम्मीदवारों की जानकारी और चुने गए परीक्षा केंद्र शामिल हैं, जैसे का तैसा रखा जाएगा. इसके अलावा, किसी भी तरह की अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी और पहले से जमा परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा.

NTA की पेरेंट्स से अपील

NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें. इस फैसले के साथ ही NEET-UG 2026 विवाद ने बड़ा मोड़ ले लिया है. अब सभी की निगाहें नई परीक्षा तारीखों और CBI जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं, जो इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *