अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 28 जनवरी । उत्तर पश्चिम रेलवे जोन के उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक धीरूमल मंगलवार को अचानक देशनोक रेलवे स्टेशन पहुंचे। धीरूमल ने स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन पर व्यवस्थाओं में कई कमियां पाई गई। स्टेशन की अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय स्टॉफ को जमकर लताड़ लगाई। अव्यवस्था व कमियों को लेकर जोधपुर मण्डल रेल प्रबंधक को अपडेट किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे जोन के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक धीरूमल ने मंगलवार को बीकानेर दौरे पर रहें। बीकानेर मण्डल के बीकानेर रेलवे स्टेशन और जोधपुर मण्डल के देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार बीकानेर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत 471 करोड़ रूपए की लागत से अत्याधुनिक विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। वर्तमान में बीकानेर स्टेशन पर निर्माण कार्य चल रहा है। धीरूमल ने बीकानेर स्टेशन का निरीक्षण किया व यात्री सुविधाएं , दिव्यांग टॉयलेट व स्टेशन पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता बताई। इसके बाद धीरूमल देशनोक रेलवे स्टेशन पहुुंचे। यहां टॉयलेट की सेनेटरी टाइल्स को क्षतिग्रस्त मिली , सफाई व्यवस्था भी बेपटरी पाई गई। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर पशु विचरण कर रहे थे। उन्होंने देशनोक रेलवे स्टेशन से ही जोधपुर मण्डल रेल प्रबंधक से बात की एवं अव्यवस्थापूर्ण हालातों से अवगत करवाया । धीरूमल आरक्षण स्थिति को लेकर भी खासे नाराज नजर आए।
“देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया,देशनोक रेलवे स्टेशन की टॉयलेट की सैनेटरी टाइल्स टूटी हुई मिली , सफाई व्यवस्था सही नहीं थी, इस संबंध में जोधपुर मण्डल रेल प्रबंधक को जानकारी भेज दी गई है।” धीरूमल, उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक यात्री सुविधा, उत्तर पश्चिम रेलवे जोन
गौरतलब है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 14.18 करोड़ रुपए की लागत से देशनोक रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया गया था जिसका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 मई 2025 को देशनोक में ही आयोजित कार्यक्रम में भौतिक लोकार्पण किया था। अमृत भारत योजना के तहत देशनोक रेलवे स्टेशन पर नया पोर्च, बेहतर वेटिंग हॉल, रिटायरिंग रूम, लिफ्ट, एस्केलेटर, फ्री वाई-फाई, नए टॉयलेट, नई पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया और दिव्यांग टॉयलेट, रैम्प समेत अनेक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई थी।








