अबतक इंडिया न्यूज 24 जनवरी । अगर आपने अभी तक बैंक से जुड़े जरूरी काम नहीं निपटाए हैं, तो अब आपको कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है. देशभर के बैंक लगातार चार दिन तक बंद रहने वाले हैं. बैंक यूनियनों ने 27 जनवरी 2026 को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है, जिससे बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है.
बैंक यूनियनों ने क्यों बुलाई हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) ने संयुक्त रूप से 27 जनवरी को अखिल भारतीय बैंक हड़ताल की घोषणा की है. यूनियनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन कामकाज की व्यवस्था लागू करना, वेतन संशोधन और कर्मचारियों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों का समाधान शामिल है.
पीएनबी ने किया यूनियनों की मांगों का समर्थन
सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में बैंक यूनियनों की मांगों का समर्थन किया है. हालांकि, बैंक ने यह भी कहा है कि ग्राहकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं. इसके बावजूद शाखाओं और कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो सकता है.
कौन-कौन सी सेवाएं होंगी प्रभावित
पीएनबी के अनुसार, हड़ताल और लगातार छुट्टियों के कारण ब्रांच से जुड़े कई कामों में देरी हो सकती है.
- चेक क्लीयरेंस में समय लग सकता है
- RTGS और डिमांड ड्राफ्ट जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं
- ब्रांच विजिट से जुड़े काम रुक सकते हैं
हालांकि राहत की बात यह है कि डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी.
डिजिटल बैंकिंग रहेगी चालू
बैंकों की ओर से साफ किया गया है कि हड़ताल के दौरान भी इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप, ATM सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी. ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करें.
कब-कब बंद रहेंगे बैंक
बैंक चार दिन लगातार बंद रहेंगे—
- 24 जनवरी 2026: चौथा शनिवार
- 25 जनवरी 2026: रविवार
- 26 जनवरी 2026: गणतंत्र दिवस
- 27 जनवरी 2026 : देशव्यापी बैंक हड़ताल
ग्राहकों के लिए सलाह
बैंकों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे नकद निकासी, चेक जमा, ड्राफ्ट और अन्य जरूरी बैंकिंग काम समय रहते निपटा लें, ताकि बाद में किसी तरह की असुविधा न हो. कुल मिलाकर, छुट्टियों और हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं कुछ दिनों तक बाधित रह सकती हैं, ऐसे में पहले से योजना बनाना ग्राहकों के लिए फायदेमंद रहेगा.








