Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी शहर व देहात शनिवार को निकालेगी जन-जागरण रैली, महात्मा गाँधी जी के चित्रों के साथ प्रदर्शन करेंगें

बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी शहर व देहात शनिवार को निकालेगी जन-जागरण रैली, महात्मा गाँधी जी के चित्रों के साथ प्रदर्शन करेंगें

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 25 दिसंबर । जिला कांग्रेस कमेटी शहर व देहात, बीकानेर द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाये जा रहे अरावली बचाओ जन-आंदोलन एवं मनरेगा के तहत् तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आगामी दिनांक 27 दिसम्बर, 2025 (शनिवार) को दोपहर 12ः15 बजे से कोटगेट से जिला कलेक्ट्रेट तक जन-जागरण रैली आयोजित की जायेगी। शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल व देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के संयुक्त नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला जायेगा। साथ ही पैदल मार्च के पश्चात् मनरेगा को लेकर सभी कांग्रेसजन जिला कलेक्ट्रेट पर एकत्रित होकर महात्मा गाँधी जी के चित्रों के साथ प्रदर्शन करेंगें।

जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि  अरावली पर्वतमाला ना सिर्फ राजस्थान प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर है, बल्कि प्रदेश की जीवनरेखा भी है, जो ना सिर्फ प्रदेश में रेगिस्तान के विस्तार को रोकने में सहायक है, धूलभरी आंधियों से बचाव करती है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक होने के साथ ही प्रदेशवासियों के लिए आस्था का केन्द्र है। अनेक देवालय इस पर्वतमाला पर स्थित है। भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा षड्यंत्र रचकर प्रदेश की पहचान अरावली पर्वतमाला को खनन माफियाओं के हवाले कर खनन पट्टे आवंटित कर समाप्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रदेश की इस बहूमुल्य सम्पदा को नष्ट होने से बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी के समस्त नेता एवं कार्यकर्ता कृत संकल्प है। अरावली पर्वतमाला समाप्त ना हो और भाजपा द्वारा प्रदेश की सम्पदा को अपने उद्योगपति मित्रों को सौंप कर लुटवाने के षड्यंत्र के विरूद्ध कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में जन-जागरण अभियान चलाने के साथ ही अरावली पर्वतमाला को बचाने हेतु केन्द्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार के विरूद्ध व्यापक जन-आंदोलन चलाने का निर्णय लिया हुआ है।

इसी क्रम में आगामी 28 दिसम्बर, 2025 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर अरावली बचाओ जन-आन्दोलन तथा मनरेगा को लेकर जिले के सभी ब्लॉक स्तर पर महात्मा गाँधी जी के चित्रों के साथ विरोध प्रदर्शन आयोजित होंगे।

इसी प्रकार दिनांक 30 दिसम्बर, 2025 को अरावली बचाओ जन-आन्दोलन तथा मनरेगा को लेकर सभी मण्डल, नगर व बूथ कांग्रेस कमेटियों के स्तर पर महात्मा गाँधी जी के चित्रों के साथ विरोध प्रदर्शन आयोजित होंगे।
मार्शल ने बताया कि सभी कार्यक्रमों में क्षेत्र में निवासरत सांसद/सांसद प्रत्याशी, विधायक/विधायक प्रत्याशी, नगर निकाय एवं पंचायत राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधिगण, अग्रिम संगठन तथा विभाग, प्रकोष्ठों के पदाधिकारीगण तथा सदभावी कांग्रेसजन शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *