अबतक इंडिया न्यूज 1 दिसंबर । शहरी विकास एवं आवास (यूडीएच) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने निकाय चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग जिस दिन निकायवार ओबीसी के आंकड़े उपलब्ध करवा देगा, उसके तीन दिन बाद ही आरक्षण की लॉटरी निकाल दी जाएगी. खर्रा ने कहा कि स्वायत्त शासन विभाग राज्य निर्वाचन आयोग को सूचित कर चुका है कि विभाग स्तर का कार्य सितंबर 2025 तक पूर्ण किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग तीन संभागों में निकायवार आंकड़े जुटा चुका है और जल्द ही शेष संभागों में भी आंकड़े जुटा लेगा.
मंत्री खर्रा सोमवार को अजमेर के माखूपुरा क्षेत्र में अजमेर विकास प्राधिकरण की श्यामा प्रसाद मुखर्जी आवासीय योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. यहां बातचीत में उन्होंने ‘एक राज्य-एक चुनाव’ के सवाल पर यह बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्देश है कि त्रिस्तरीय निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग की संख्या का आकलन करने का फॉर्मूला तय किया जाए. राजस्थान सरकार की ओर से चुनाव करवाने के लिए जितना कार्य करना था, वह सितंबर 2025 तक कर लिया गया है और उसकी अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग जब भी अपना दायित्व पूरा कर लेंगे, तब राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की तिथि घोषित करने पर राज्य सरकार ‘एक राज्य-एक चुनाव’ के लिए तैयार है.








