Home » राजनीति » राजस्थान की राजनीति में सुबह हरियाणा मॉडल की चर्चा, शाम तक बदला रुख; जानें क्या बोले मंत्री किरोड़ीलाल मीणा

राजस्थान की राजनीति में सुबह हरियाणा मॉडल की चर्चा, शाम तक बदला रुख; जानें क्या बोले मंत्री किरोड़ीलाल मीणा

अबतक इंडिया न्यूज 24 नवंबर जयपुर । राजस्थान पंचायत चुनाव में बीजेपी की हार के बाद कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के एक बयान से राजनीतिक हलचल तेज हो गई. हालांकि शाम होते-होते उनको अपने बयान पर सफाई देनी पड़ी. किरोड़ी लाल मीणा ने कुछ ऐसा कह दिया था कि प्रदेश की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई. लेकिन सुबह दिए गए बयान पर उन्होंने शाम को अपना स्टैंड क्लियर कर दिया.

मीणा ने किया था हरियाणा मॉडल का जिक्र

कांग्रेस के इस दावे पर कि पंचायत चुनाव के नतीजे 2028 के विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट हैं, मीणा ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा था कि वहां मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया और इसके बाद बीजेपी ने प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई. उनके इस बयान को राजस्थान में भी नेतृत्व परिवर्तन की जरूरत से जोड़कर देखा गया. अब मीणा ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा है कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ही बीजेपी अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी और प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी.

किरोड़ीलाल मीणा का बयान पर यूटर्न

किरोड़ीलाल मीणा ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंच प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री से मुलाकात की. इस दौरान पंचायत चुनाव के नतीजों और पार्टी के प्रदर्शन को लेकर चर्चा हुई. मीडिया से बातचीत में किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि पंचायत चुनाव में हम अपनी हार स्वीकार करते हैं लेकिन कांग्रेस को गलतफहमी है कि इन नतीजों को 2028 के विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट माना जाए.

मीणा के बयान पर सियासी पारा हुआ तेज

मीणा ने कहा कि हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया था. इसके बाद बीजेपी वहां प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतने में कामयाब रही. उनके बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठने लगा कि क्या वे राजस्थान में भी नेतृत्व परिवर्तन की संभावना की ओर इशारा कर रहे हैं. जब इस बयान पर सियासी पारा तेज हुआ तो देर शाम उन्होंने अपने बयान का आशय स्पष्ट करते हुए कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है. उनके नेतृत्व में ही बीजेपी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *