अबतक इंडिया न्यूज 24 नवंबर जोधपुर। रेलवे आरक्षण केंद्र पर तत्काल टिकटों की दलाली के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को 18 वर्षीय युवक को पकड़ा है। आरोपी को तीन यात्रियों के टिकट बनवाने के बदले 600 रुपए कमीशन देने का लालच दिया गया था। टीम ने उसके कब्जे से 2,280 रुपए मूल्य के तीन तत्काल टिकट जब्त किए हैं।
आरपीएफ के उप निरीक्षक धर्मेंद्र और मंडल वाणिज्य निरीक्षक रतन सिंह ने सोमवार को जोधपुर रेलवे आरक्षण केंद्र पर संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान तत्काल टिकट बनवाकर बाहर निकल रहे शोयल उर्फ शाहिद (18) को संदेह के आधार पर रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि तौफीक खान नामक व्यक्ति ने जयपुर से बोरीवली जाने वाले तीन यात्रियों के तत्काल टिकट बनवाने पर प्रति यात्री 200 रुपए कमीशन देने का लालच दिया था। इसी लालच में उसने जोधपुर आरक्षण केंद्र से तीनों टिकट बनवाए थे।
आरपीएफ पोस्ट जोधपुर में आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में युवक का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिलने पर उसे बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर छोड़ दिया गया। मामले की आगे की जांच उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कर रहे हैं।












