Home » कानून » सड़क हादसों पर लगेगी लगाम: ब्लैक स्पॉट पर स्थायी सुधार और निजी स्कूल बस चालकों को निःशुल्क ट्रेनिंग के निर्देश,सर्विस लेन घेरने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा

सड़क हादसों पर लगेगी लगाम: ब्लैक स्पॉट पर स्थायी सुधार और निजी स्कूल बस चालकों को निःशुल्क ट्रेनिंग के निर्देश,सर्विस लेन घेरने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा

सड़क हादसों पर लगेगी लगाम

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 18 नवंबर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर  निशांत जैन की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात सुधार और आमजन की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स पर ऐसे स्थायी और प्रभावी सुधार किए जाएं, जिससे भविष्य में हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

बैठक के प्रमुख निर्णय और निर्देश:

 जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
  • निजी स्कूल बस चालकों का अनिवार्य प्रशिक्षण: कलेक्टर ने डीटीओ और शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय से जिले के सभी निजी स्कूलों के बस चालकों को बिछवाल स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे निःशुल्क रिफ्रेशर ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि इस अभियान के तहत संभाग के करीब 10 हजार व्यावसायिक भारी वाहन चालकों को प्रशिक्षित किया जाना है। इच्छुक चालक मोबाइल नंबर 9928770789 और 9252072769 पर संपर्क कर प्रशिक्षण ले सकते हैं।
  • स्पीड ब्रेकर और अवैध कटों पर कार्रवाई: बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अधिकारियों को जयपुर रोड स्थित राजकीय डूंगर कॉलेज के पास तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने तथा पूगल रोड पर बने अवैध कटों को तुरंत बंद करवाने के निर्देश दिए गए।
  • सर्विस लेन अवरुद्ध करने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर: पुलिस अधीक्षक  मृदुल कच्छावा ने एनएचएआई अधिकारियों को ट्रैफिक इंस्पेक्टर के सहयोग से हाईवे की सर्विस लेन पर अतिक्रमण या रास्ता अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ सीधा मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए।

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की हुई समीक्षा: बैठक की शुरुआत में एनएच के अधीक्षण अभियंता  जी.पी.एस. चौहान ने जयपुर रोड पर वैष्णो धाम, खाटू श्याम मंदिर के आगे, सेरूणा रोड पर सिजराल रेस्टोरेंट, नापासर चौराहा, देशनोक पुलिया, संगम धर्मकांटा (जामसर) और हिम्मटसर बस स्टैंड जैसे प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए गए सुरक्षा उपायों की प्रगति रिपोर्ट पेश की।

ये अधिकारी रहे मौजूद: बैठक में एसपी  मृदुल कच्छावा, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, बीडीए सचिव  हेमेन्द्र नागर, एनएच अधीक्षण अभियंता  जी.पी.एस. चौहान, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता  पंकज यादव, डीटीओ श्रीमती भारती नथानी, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लोकेश गुप्ता, ट्रैफिक सीओ श्रीमती शालिनी बजाज, ट्रैफिक इंस्पेक्टर  कानाराम, बीडीए अधीक्षण अभियंता  ऋषिकेश मीणा, शिक्षा अधिकारी  राजेश व्यास, आरएसआरडीसी एईएन  महेन्द्र चौपड़ा और आईरैड से  महेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *