अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 3 नवंबर । मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर राजस्थान के होनहार जूनियर साइकिलिस्ट हरिप्रकाश सींवर ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश और बीकानेर का नाम रोशन किया है। झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित (31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026) 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता में हरिप्रकाश ने अब तक कुल दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

3 मिनट 37 सेकंड में जीती व्यक्तिगत परस्यूट स्पर्धा
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत परस्यूट (Individual Pursuit) स्पर्धा में हरिप्रकाश ने बेहतरीन तकनीकी दक्षता और शानदार गति का प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 3 मिनट 37 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पूर्व भी वे प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक पर कब्जा जमा चुके हैं।

“कठिन अभ्यास और समर्पण का परिणाम” हरिप्रकाश के कोच श्रवण कुमार भाम्भू ने कहा, “हरिप्रकाश की यह सफलता वर्षों के कठिन अभ्यास, निरंतर मेहनत और खेल के प्रति निष्ठा का सुखद परिणाम है। उन्होंने जिस आत्मविश्वास के साथ ट्रैक पर प्रदर्शन किया, वह अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। यदि राजस्थान की खेल प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और संसाधन मिले, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कमाल कर सकती हैं।”
खेल प्रेमियों व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने दी बधाई

हरिप्रकाश की इस गौरवमयी उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दयाल राम सारण, राजेंद्र बिश्नोई, प्रशिक्षक जेठाराम गाट, सुरेंद्र कुकणा, मुनीराम गोदारा, पेमाराम जाट, महावीर कुकणा, सुंदर बिश्नोई, रामप्रसाद जाट और विजय कुमार सहित बीकानेर व प्रदेश के अनेक खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।










