अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 19 अक्टूबर । विश्व प्रसिद्ध देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में आयोजित शारदीय नवरात्र मेला आज सोमवार को विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। मेले के अंतिम दिन अनुष्ठानों के मुख्य आकर्षण के रूप में पूर्णाहुति यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
सुबह 5 बजे से शुरू हुआ यज्ञ, 11 बजे हुई पूर्णाहुति

मेले के समापन अवसर पर सुबह 5 बजे से ही विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई थी। मंदिर के शास्त्रोक्त आचार्य नरेन्द्र कुमार मिश्र के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी अनुष्ठान पूर्ण विधि-विधान से संपन्न कराए गए। करीब 6 घंटे तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद सुबह 11 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति दी गई।
विश्व शांति और मंगल कामना का संकल्प
यज्ञ के दौरान उपस्थित आचार्यों और पुजारियों द्वारा संपूर्ण विश्व में शांति, सद्भाव और जन-कल्याण की मंगल कामना की गई। इस पावन अवसर पर माता के दरबार में देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माँ करणी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
दी गई सांकेतिक कूष्माण्डबलि
नवरात्रि की परंपरा के अनुसार, पूर्णाहुति के पावन अवसर पर माँ कूष्माण्ड स्वरूप की आराधना करते हुए सांकेतिक कूष्माण्ड बली
अर्पित की गई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में चल रहे नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र मेले के धार्मिक आयोजनों का सफलतापूर्वक समापन हो गया।












